चिराग पासवान के यूपी चुनाव लड़ने के ऐलान पर बोले संजय सरावगी, कहा- हर दल का विस्तार करना नेताओं का उद्देश्य

बांका, बिहार: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान की ओर से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी को मैदान में उतारने के संकेत के बाद बिहार की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। इसको लेकर बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी है।

बांका में पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में भी एनडीए की सरकार चल रही है और उत्तर प्रदेश में भी एनडीए की सरकार है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के साथ-साथ हर राजनीतिक दल का अपना संगठन और राजनीतिक आधार बढ़ाने का प्रयास रहता है।

संजय सरावगी ने कहा कि अलग-अलग दलों के नेताओं का उद्देश्य अपने संगठन का विस्तार करना होता है। ऐसे में चिराग पासवान की ओर से उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की बात को इसी राजनीतिक विस्तार के प्रयास के तौर पर देखा जा सकता है।

चिराग पासवान की पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ाने के संकेत दिए हैं। हालांकि, चुनाव में पार्टी कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी और इसका अंतिम स्वरूप क्या होगा, इस पर अभी तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

बिहार में भाजपा और चिराग पासवान की पार्टी एनडीए का हिस्सा हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश में संभावित चुनावी रणनीति को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा बनी हुई है।

Latest