यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव में बोले सीएम योगी, कहा- 2017 के बाद बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दो दिवसीय ‘यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में 2017 से पहले की स्थिति और मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुए बदलावों का जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठते थे। उनके मुताबिक, कई जिलों में अपराध और माफिया का प्रभाव इतना अधिक था कि आम लोगों के बीच असुरक्षा का माहौल बना रहता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब कानून-व्यवस्था का असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और उद्योगों पर भी पड़ता है। जब लोगों और कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा नहीं होता, तो निवेश और उद्योगों का विकास मुश्किल हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश के लोगों को राज्य के बाहर पहचान के संकट का सामना करना पड़ता था। दूसरे राज्यों में किराये पर मकान लेने से लेकर होटल में कमरा मिलने तक में उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता था। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कई स्तरों पर बदलाव देखने को मिला है। सरकार ने कानून-व्यवस्था को अपनी प्राथमिकताओं में रखा और अपराधियों तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बेहतर कानून-व्यवस्था के साथ उत्तर प्रदेश में उद्योग और निवेश के लिए भी माहौल तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ आम लोगों के साथ-साथ उद्योग जगत को भी मिले। टेक्सटाइल कॉन्क्लेव के मंच से मुख्यमंत्री ने उद्योग और निवेश से जुड़े लोगों को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश में कारोबार के लिए अनुकूल वातावरण बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।