PM मोदी ने ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का किया जिक्र, बोले- आज भी गौरव के साथ खड़ा है सोमनाथ मंदिर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में सोमनाथ मंदिर और भारत की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की शुरुआत ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ जैसे भव्य आयोजन के साथ हुई। प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर के इतिहास को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1026 में महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला कर उसे नष्ट किया था। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को मिटाने के उद्देश्य से किए गए ऐतिहासिक हमलों के बावजूद सोमनाथ मंदिर आज भी अपनी भव्यता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि अरब सागर के किनारे स्थित सोमनाथ मंदिर भारतीय आस्था और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण प्रतीक है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, इसी गौरव और ऐतिहासिक स्मृति को सम्मान देने के लिए इस वर्ष ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया गया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत की विरासत, संस्कृति और आत्मगौरव से जुड़ी स्मृतियों को सामने लाने का अवसर बना। अपने संबोधन में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मोढेरा स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर हमले के उसी दौर में मोढेरा के सूर्य मंदिर पर भी हमला हुआ और उसे नुकसान पहुंचाया गया था। पीएम मोदी ने अपने संबोधन के जरिए देश की प्राचीन धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए उनके संरक्षण और सम्मान के महत्व पर जोर दिया।