हर जिले तक पहुंचा 5G नेटवर्क, मोबाइल इंटरनेट स्पीड में 10 गुना बढ़ोतरी: PM मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के तेजी से विकसित हो रहे टेलीकॉम और डिजिटल कनेक्टिविटी सेक्टर को लेकर बड़ी उपलब्धियां गिनाईं। इंडिया मोबाइल कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने 5G तकनीक के विस्तार से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने तक लंबी छलांग लगाई है। उन्होंने कहा कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस इस पूरे बदलाव का महत्वपूर्ण गवाह रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि 2022 में इसी मंच से भारत में 5G सेवा की शुरुआत की गई थी। इसके बाद देश ने केवल 5G नेटवर्क के विस्तार तक सीमित रहने के बजाय इसे आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में तेजी से काम किया। उन्होंने कहा कि अब देश के हर जिले तक 5G नेटवर्क पहुंच चुका है। देश में 5.5 लाख से ज्यादा 5G बेस स्टेशन प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारत में फिलहाल 5.5 लाख से अधिक बेस स्टेशन मौजूद हैं, जिनके जरिए 5G नेटवर्क संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश में मोबाइल इंटरनेट की स्पीड भी 2022 की तुलना में करीब 10 गुना बढ़ गई है। इससे ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल कारोबार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है। पीएम मोदी ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस के पिछले आयोजनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2023 में भारत के 5G रोलआउट से लेकर 5G की व्यापक पहुंच तक की यात्रा पर चर्चा हुई थी। वहीं, 2024 में इस मंच पर अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) की मौजूदगी रही, जहां डिजिटल दुनिया के लिए वैश्विक मानकों की आवश्यकता पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब केवल डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल करने वाला देश नहीं है, बल्कि तकनीक के क्षेत्र में निवेश, नवाचार और निर्माण को भी बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने इंडिया मोबाइल कांग्रेस को देश की डिजिटल क्षमता और टेलीकॉम सेक्टर की प्रगति को दुनिया के सामने रखने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। भारत में 5G के तेजी से विस्तार को डिजिटल इंडिया की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में तेज और व्यापक कनेक्टिविटी से देश में डिजिटल सेवाओं और तकनीकी नवाचार को और गति मिलने की उम्मीद है।