राहुल गांधी पर बरसे प्रतुल शाहदेव, बोले- ‘21वीं सदी के डॉन क्विक्सोट’

रांची: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रतुल शाहदेव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित मिमिक्री और टिप्पणी के बहाने निशाना साधा। यह विवाद इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान सामने आए एक मंचीय कार्यक्रम के बाद शुरू हुआ है, जिसमें कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी की शैली की नकल की थी। भाजपा नेताओं ने इस प्रस्तुति को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर सवाल उठाए हैं।

प्रतुल शाहदेव ने राहुल गांधी की तुलना 21वीं सदी के ‘डॉन क्विक्सोट’ से करते हुए कहा कि जिस तरह डॉन क्विक्सोट अपने प्रयासों में हास्यास्पद स्थिति में पहुंच जाते थे, उसी तरह राहुल गांधी भी बार-बार ऐसी परिस्थितियां पैदा कर लेते हैं। उन्होंने राहुल गांधी की तुलना टाइटैनिक के कप्तान से करते हुए आरोप लगाया कि वे खुद ऐसी परिस्थितियां तलाशते हैं, जिनसे राजनीतिक विवाद खड़ा हो जाए।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी की व्यवस्था कराने की घटना को लेकर मंच से की गई मिमिक्री पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उनके मुताबिक, किसी बुजुर्ग महिला को सम्मानपूर्वक बैठाने के प्रयास में मजाक जैसा क्या है, यह समझ से परे है। प्रतुल शाहदेव ने इसे महिलाओं और बुजुर्गों के सम्मान से जोड़ते हुए राहुल गांधी की भूमिका पर भी सवाल उठाया।

उन्होंने राहुल गांधी पर बेहद तीखा राजनीतिक हमला करते हुए उन्हें ‘भारतीय राजनीतिक व्यवस्था का सबसे बड़ा राजनीतिक जोकर’ तक कह दिया। साथ ही दावा किया कि जब तक राहुल गांधी कांग्रेस में रहेंगे, भाजपा के लिए राजनीतिक परिस्थितियां आसान रहेंगी।

गौरतलब है कि इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए आलोचना की है, जबकि कांग्रेस की ओर से इसे राजनीतिक व्यंग्य और मिमिक्री के रूप में देखा गया है। इस विवाद को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

Latest