NDMC का बड़ा फैसला: अंधेरे इलाकों में लगेंगे नए बिजली के पोल, ₹18.26 करोड़ मंजूर

नई दिल्ली: नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) की परिषद बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइटिंग और बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि परिषद के सामने कुल 28 एजेंडा रखे गए, जिन पर विस्तार से चर्चा के बाद मंजूरी दी गई।

कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि BRICS शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के बाद परिषद की बैठक हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए सम्मेलन के लिए बधाई दी और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले NDMC के अधिकारियों और कर्मचारियों का भी आभार जताया।

उन्होंने कहा कि बैठक में कई ऐसे प्रस्ताव भी सामने आए, जो लंबे समय से लंबित थे। NDMC के नए चेयरमैन द्विवेदी की पहल की सराहना करते हुए चहल ने कहा कि उनकी कोशिशों से कई महत्वपूर्ण एजेंडे परिषद के सामने लाए गए और उन पर निर्णय लिया गया। उन्होंने NDMC के सभी निदेशकों और पूरी टीम को भी बधाई दी।

अंधेरे इलाकों की पहचान के बाद लिया गया फैसला

चहल के मुताबिक BRICS सम्मेलन की तैयारियों के दौरान NDMC क्षेत्र में कई ऐसे स्थान सामने आए, जहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी। इन जगहों को ‘डार्क स्पॉट’ के तौर पर चिन्हित किया गया। इसके अलावा NDMC क्षेत्र में विकसित हो रहे नए इलाकों में भी स्ट्रीट लाइटिंग के लिए अतिरिक्त बिजली के पोल की जरूरत महसूस की गई।

इन जरूरतों को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों का विस्तृत अध्ययन कराया गया और आवश्यक तैयारियां पूरी की गईं। इसके बाद परिषद की बैठक में 18 करोड़ 26 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी गई।

इस योजना के तहत NDMC क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर 6 मीटर से लेकर 11 मीटर तक ऊंचाई वाले नए बिजली के पोल लगाए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य अंधेरे स्थानों में रोशनी बढ़ाने के साथ-साथ विकसित हो रहे क्षेत्रों में बेहतर स्ट्रीट लाइटिंग व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

NDMC के इस फैसले से राजधानी के संबंधित इलाकों में रात के समय प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Latest