जमुई: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ कथित बदसलूकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। इस दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, जमुई में छात्रा और उसके नाबालिग सहपाठी के साथ कथित दुर्व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अब तक कई आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, इसी कार्रवाई के दौरान नंदन यादव की तलाश में टीम पहुंची थी।
पुलिस की ओर से बताया गया है कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों की तरफ से फायरिंग की गई, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगी। एक अन्य आरोपी हरेराम के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, घटना से जुड़े कई लोगों की पहचान की जा चुकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
वहीं, पुलिस ने लोगों से मामले से जुड़े वीडियो या पीड़िता की पहचान सार्वजनिक नहीं करने की अपील की है। जमुई पुलिस ने पीड़िता की निजता बनाए रखने को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स को भी चेतावनी दी है।
मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।