हापुड़, उत्तर प्रदेश: हापुड़ के बदनौली जंगल क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक आदर्श नगर कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल के पास उसकी स्कूटी भी खड़ी मिली, जिससे पुलिस अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसे के लेनदेन से जुड़ी कुछ बातें भी सामने आई हैं। इसके अलावा पुलिस को कुछ अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है।
पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और सामने आ रही जानकारियों के आधार पर घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे किसका हाथ है, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है।