BRICS पर चिदंबरम के बयान से गरमाई सियासत, ललन सिंह बोले- ‘हर चीज में राजनीति क्यों?’

BRICS सम्मेलन को लेकर देश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम की टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने तीखा पलटवार किया है। ललन सिंह ने भारत की मेजबानी में हो रहे BRICS सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि देश में दुनिया के कई देशों के प्रतिनिधिमंडल पहुंच रहे हैं और भारत अपनी परंपरा के मुताबिक उनका स्वागत कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति में ‘अतिथि देवो भव’ का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि देश में आने वाले हर अतिथि को सम्मान देना भारतीय परंपरा का हिस्सा है। ऐसे में किसी अंतरराष्ट्रीय आयोजन को केवल राजनीतिक नजरिए से देखना उचित नहीं है।

पी. चिदंबरम पर निशाना साधते हुए ललन सिंह ने कहा कि उन्हें हर चीज में राजनीति नजर आने लगी है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि चिदंबरम साहब को हर चीज में ‘कीड़ा काटने’ लगता है और उन्हें इसका इलाज करवाना चाहिए कि आखिर उन्हें हर मुद्दे में राजनीति क्यों दिखाई देती है।

ललन सिंह ने आगे कहा कि पी. चिदंबरम लंबे समय तक देश के महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। ऐसे में उनसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और भारत की विदेश नीति से जुड़े विषयों को व्यापक नजरिए से देखने की उम्मीद की जाती है।

BRICS सम्मेलन भारत के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच माना जा रहा है। इसमें सदस्य देशों के साथ-साथ अन्य देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी भी हो रही है। सम्मेलन के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, निवेश, विकास, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

BRICS को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच अलग-अलग राय सामने आ रही है। जहां सरकार इसे भारत की वैश्विक भूमिका और कूटनीतिक प्रभाव को मजबूत करने के अवसर के तौर पर देख रही है, वहीं विपक्ष की ओर से सम्मेलन के वास्तविक परिणाम और भारत को होने वाले लाभ को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

ललन सिंह की टिप्पणी के बाद BRICS सम्मेलन को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं।

Latest