सहरसा में अभिजीत सिंह हत्याकांड को लेकर आमरण अनशन का दूसरा दिन, भाई ने पुलिस से की न्याय की मांग

अभिजीत सिंह हत्याकांड: अभिजीत हत्याकांड में न्याय की मांग, भाई का आमरण अनशन जारी।

सहरसा: बिहार के सहरसा में बीजेपी युवा मोर्चा के महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग तेज हो गई है। हत्याकांड के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं होने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज मृतक के छोटे भाई अनन्त सिंह राजपूत आमरण अनशन पर बैठे हैं। पटेल मैदान में कोसी रेंज के डीआईजी कार्यालय के सामने उनका आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी है।

अनन्त सिंह राजपूत की मांग है कि पुलिस उनके भाई की हत्या की पूरी सच्चाई सामने लाए और इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनके भाई को न्याय नहीं मिलेगा और मामले में शामिल अन्य आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

18 सितंबर को बंद घर से बरामद हुआ था शव

दरअसल, बीते 18 सितंबर को सहरसा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौतमनगर वार्ड नंबर-15 में अभिजीत सिंह राजपूत का शव उनके बंद घर से बरामद किया गया था। अपराधियों ने उनके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद घर के बाहर ताला लगाकर आरोपी फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़कर शव को बाहर निकाला था।

दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी उठ रहे सवाल

इस हत्याकांड में पुलिस ने आर्यन और मोहित नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। हालांकि, मृतक के भाई अनन्त सिंह राजपूत पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने केवल दो लोगों को गिरफ्तार कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान ली है, जबकि हत्या के पीछे की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है।

उनका कहना है कि अभिजीत का मोबाइल, पर्स और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी अब तक बरामद नहीं हुआ है। इसके अलावा, एफआईआर में जिन अन्य लोगों के नाम दिए गए हैं, उनके खिलाफ भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

सफेदपोश लोगों को बचाने का लगाया आरोप

अनशन पर बैठे अनन्त सिंह ने आशंका जताई है कि इस हत्याकांड में शामिल कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल, अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर उनके भाई का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।

रिपोर्ट: मुकेश कुमार सिंह | सहरसा

Latest