पटना: राजधानी पटना के बापू सभागार में आगामी 20 सितंबर 2026 को ‘विकसित बिहार: नींव से निर्माण तक’ विषय पर महामंथन सह लव-कुश प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन लव-कुश प्रोग्रेसिव ग्रुप के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम में बिहार के विकास, सामाजिक भागीदारी और भविष्य की दिशा को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता के रूप में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के शामिल होने की जानकारी दी गई है। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और निशांत कुमार विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजकों का कहना है कि ‘विकसित बिहार: नींव से निर्माण तक’ महामंथन का उद्देश्य बिहार के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद और मंथन को आगे बढ़ाना है। इसके साथ ही लव-कुश समाज से जुड़ी प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आयोजकों के मुताबिक समारोह में बिहार के सभी 38 जिलों से लोगों के शामिल होने की तैयारी है। विभिन्न जिलों से लव-कुश समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, बुद्धिजीवी और प्रतिभाएं कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पटना पहुंचेंगे। आयोजकों ने दावा किया है कि कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
लव-कुश प्रतिभा सम्मान समारोह के चीफ कन्वेनर डॉ. एस. मधुप ने कहा कि कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। वहीं पटना के प्रसिद्ध अधिवक्ता एवं लव-कुश प्रतिभा सम्मान समारोह से जुड़े सक्रिय सदस्य कुमार धर्मवीर ने भी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जानकारी साझा की।
आयोजकों की ओर से जारी संयुक्त बयान में अरुण कुमार कुशवाहा, अमित कुमार वर्मा, एम.पी. मेहता (अध्यक्ष) और डॉ. मनोज कुमार सिंह सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि समारोह में बिहार के अलग-अलग हिस्सों से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिहार के विकास और समाज की भूमिका पर व्यापक चर्चा का मंच भी बनेगा। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किए जाने की योजना है।
20 सितंबर को होने वाले इस आयोजन को लेकर पटना में तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लोगों की भागीदारी के साथ यह कार्यक्रम सामाजिक संवाद और बिहार के विकास को लेकर नए विचारों को सामने रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।