कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता के साथ हुई मारपीट का मुद्दा शुक्रवार (4 सितंबर 2026) को दिनभर गरमाया रहा. आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के कबूलनामे के बाद दिल्ली पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया. सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि स्वतंत्र भारद्वाज पर आपराधिक डराने-धमकाने की धारा जोड़ी गई है. उन्होंने कहा, दिल्ली पुलिस ने निशु के पिता संजय जी की पहले से दर्ज FIR में गुंडे स्वतंत्र भारद्वाज पर SC/ST एक्ट के तहत आरोप लगाए हैं. इसमें जान से मारने की धमकी देने के लिए BNS की धारा 351(3) भी जोड़ी गई है.’
उन्होंने कहा, ‘जल्द ही स्वतंत्र भारद्वाज पर हत्या की कोशिश या गैर-इरादतन हत्या की कोशिश की धारा भी जोड़ी जाएगी. हमारे वकील अभी पुलिस स्टेशन में हैं और पुलिस से उनके वादे को पूरा करने के लिए फॉलो-अप कर रहे हैं. वह उन्हें गंभीर चोट पहुंचाने वाली धारा भी जोड़ने के लिए मना रहे हैं ताकि मामला और सख्त हो सके.’ मामले नाम आने के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि उनका स्वतंत्र भारद्वाज से कोई संबंध नहीं है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मामले में स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ आधिकारिक शिकायत की है. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की.