एशियन गेम्स में खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर बोले शेफ डी मिशन सहदेव यादव, कहा- कुछ दिक्कतें थीं, अपने स्तर पर किए इंतजाम

आइची-नागोया | जापान में होने वाले एशियन गेम्स को लेकर भारतीय दल की तैयारियों के बीच खिलाड़ियों के ठहरने और परिवहन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा तेज हो गई है। भारतीय दल के शेफ डी मिशन सहदेव यादव ने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कई व्यवस्थाएं अपने स्तर पर की गई हैं।

सहदेव यादव के मुताबिक भारतीय खिलाड़ियों के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई है। शुरुआत में कुछ समस्याएं सामने आई थीं, जिसके बाद अतिरिक्त होटल की व्यवस्था करने का फैसला लिया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम की ओर से अब तक 18 कमरों की बुकिंग की जा चुकी है, जबकि खिलाड़ियों की जरूरत को देखते हुए 10 और कमरे बुक किए जाने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर आवास की उपलब्धता को लेकर कमी जरूर है। इसी वजह से भारतीय दल को अपने स्तर पर अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े हैं। खिलाड़ियों के आने-जाने से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए भी टीम ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। सहदेव यादव ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए कार और होटल की व्यवस्था भारतीय दल की ओर से की जा रही है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

शेफ डी मिशन ने accreditation यानी खिलाड़ियों और अधिकारियों की मान्यता प्रक्रिया को भी समय लेने वाला बताया। उनके अनुसार यह प्रक्रिया क्रूज पर की जा रही है और इसमें अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। इसके अलावा परिवहन व्यवस्था से संबंधित कुछ समस्याएं भी सामने आई हैं।

सहदेव यादव ने आयोजन की व्यवस्थाओं में शुरुआती स्तर पर कुछ अव्यवस्था होने की बात भी कही। हालांकि उन्होंने इस समय किसी व्यक्ति या संस्था को जिम्मेदार ठहराने के बजाय खिलाड़ियों की सुविधा पर ध्यान देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन में कुछ चुनौतियां सामने आ सकती हैं। भारतीय दल की प्राथमिकता खिलाड़ियों की समस्याओं को दूर करना और उन्हें आरामदायक माहौल उपलब्ध कराना है। उनका कहना है कि खिलाड़ी बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के अपनी तैयारियों और प्रदर्शन पर ध्यान दें, पदक जीतें और इसके बाद आराम कर सकें—यही भारतीय दल की कोशिश है।

Latest