समस्तीपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, हजारों लोगों ने उठाया लाभ

समस्तीपुर: कल्याणपुर प्रखंड के मालीनगर पंचायत भवन में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। श्री रामचन्द्र सेवा ट्रस्ट और रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने किया।

शिविर में सुबह से ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचे। अलग-अलग बीमारियों के विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की मौजूदगी में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। आयोजकों के अनुसार, शिविर में हजारों स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने भी कई मरीजों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली और चिकित्सकीय परामर्श दिया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सबसे बड़ी जनसेवा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने में सरकार के साथ सामाजिक संस्थाओं और कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

भाजपा समस्तीपुर उत्तरी की जिलाध्यक्ष नीलम सहनी ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों को एक साथ लाकर नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए ऐसे स्वास्थ्य शिविर काफी मददगार साबित होते हैं।

रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर सिटी के अध्यक्ष रजनीश अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगातार योगदान देता रहा है।

शिविर के आयोजक और श्री रामचन्द्र सेवा ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े होने की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद मरीज को जांच, उचित चिकित्सकीय सलाह और नि:शुल्क दवा मिलने के बाद उसके चेहरे पर दिखाई देने वाली राहत ही सेवा कार्य की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जे.सी. कर्ण, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अमलेन्दु पांडे, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा शिखा, क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. सरोज कुमार, जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अमरदीप एवं डॉ. अभिषेक झा, जनरल फिजिशियन डॉ. रोहित कुमार समेत डॉ. मनोज कुमार सिंह की मेडिकल टीम ने मरीजों की जांच की।

इस दौरान स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और नि:शुल्क दवा वितरण की व्यवस्था की गई। मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार उपचार, सावधानी और आगे की चिकित्सा को लेकर आवश्यक सलाह दी गई।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश शर्मा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, रोटरी क्लब के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुखिया, सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Latest