रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, वहीं मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, आज राज्य के पश्चिमी हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, पश्चिमी जिलों के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पश्चिमी इलाकों से सटे रांची, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कल भी कई जिलों में बारिश का असर
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार की तुलना में शनिवार को बारिश की स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है, हालांकि उत्तरी-पश्चिमी झारखंड के कई इलाकों में बारिश का असर बना रहेगा। खास तौर पर गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की स्थिति बन सकती है। मौसम के इस बदलाव का असर स्थानीय जनजीवन और आवागमन पर भी पड़ सकता है।
27 सितंबर से मौसम में ज्यादा सुधार
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 26 सितंबर को बारिश की स्थिति में कुछ कमी आने की उम्मीद है, जबकि 27 सितंबर से राज्य में मौसम में अपेक्षाकृत ज्यादा सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।
वहीं, 28 सितंबर से मौजूदा मौसम प्रणाली का झारखंड पर प्रभाव लगभग समाप्त होने की संभावना है। इसके बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों से अपील है कि वे तेज बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और स्थानीय प्रशासन तथा मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।