आरा। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और कमी के बीच भोजपुर जिले में बाढ़ की स्थिति अब भी बनी हुई है। आरा शहर के उजियार टोला, मझवा, बिन टोली समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों तक राहत और भोजन पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।
इसी क्रम में श्रम संसाधन मंत्री सह भोजपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद सोमवार को बाढ़ प्रभावित इलाके में पहुंचे। उन्होंने बबुरा हाई स्कूल में संचालित सामुदायिक रसोई कैंप का जायजा लिया और वहां मौजूद बाढ़ पीड़ितों को भोजन कराया। मंत्री ने सामुदायिक रसोई में भोजन की व्यवस्था और बाढ़ प्रभावित लोगों को मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली।
मंत्री के साथ बड़हरा के विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक आशा देवी, आरा विधायक संजय सिंह टाइगर समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों की जरूरतों का ध्यान रखने और राहत कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए। सामुदायिक रसोई के माध्यम से बाढ़ पीड़ित परिवारों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के कारण जिले के कई इलाकों में अभी भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की नजर लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलस्तर में कमी आने के बावजूद कई जगहों पर पानी जमा है, जिससे आवागमन और रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी हो रही है।
प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।