पटना में शराब बरामद:महुआबाग में मद्य निषेध विभाग की बड़ी छापेमारी
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी पटना में मद्य निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। हवाई अड्डा थाना क्षेत्र के महुआबाग इलाके में की गई छापेमारी के दौरान एक किराए के कमरे से 733 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब जब्त की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 8.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम ने कुल 2,497 बोतल शराब बरामद की है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान रंजन कुमार के रूप में हुई है। विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
किराए के कमरे में छिपाकर रखी गई थी शराब
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध विभाग को महुआबाग इलाके में अवैध शराब के भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने योजना बनाकर हवाई अड्डा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक किराए के कमरे से बड़ी संख्या में अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
यूपी, एमपी और हरियाणा से मंगाई जाती थी शराब
गिरफ्तार आरोपी रंजन कुमार से पूछताछ के दौरान शराब तस्करी से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा से मंगाई जाती थी। इसके बाद इसे पटना और आसपास के इलाकों में खपाने की तैयारी की जाती थी।
शराब तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग
इस बरामदगी के बाद मद्य निषेध विभाग अब शराब की सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गया है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि शराब किन लोगों के माध्यम से पटना पहुंचाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद भी लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले अवैध शराब कारोबार पर सवाल खड़े करते हैं। फिलहाल विभाग गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।