Bihar News : भोजपुर जिले के तीयर थाना क्षेत्र के तीयर गांव में महज पैसों के मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शुक्रवार की सुबह पति-पत्नी के बीच 200 रुपये को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 29 वर्षीय महिला सोनी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के ससुर ने अपने ही बेटे पर पत्नी की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
सूचना मिलते ही तीयर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति संतोष राम को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मृतका की पहचान सोनी देवी के रूप में
मृतका की पहचान तीयर थाना क्षेत्र के तीयर गांव के वार्ड नंबर सात निवासी संतोष राम की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है। सोनी देवी की उम्र करीब 29 वर्ष बताई जा रही है। वर्ष 2020 में उसकी शादी संतोष राम के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा रतन कुमार और एक बेटी सृष्टि कुमारी है। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
30 रुपये देने से शुरू हुआ था विवाद
मृतका के ससुर रामाधार राम के अनुसार, गुरुवार की रात उनका बेटा संतोष राम पलदारी का काम करके घर लौटा था। घर आने के बाद उसने अपनी पत्नी सोनी देवी को 30 रुपये दिए। इस पर सोनी देवी ने कथित तौर पर कहा कि उसे पहले ही 130 रुपये मिल चुके हैं, फिर केवल 30 रुपये क्यों दिए जा रहे हैं।इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद संतोष राम खाना खाए बिना छत पर जाकर सो गया, जबकि सोनी देवी नीचे कमरे में सोने चली गई।
सुबह 200 रुपये को लेकर फिर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह मामला एक बार फिर बिगड़ गया। उठने के बाद संतोष राम ने अपनी पत्नी पर उसकी जेब से 200 रुपये निकालने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया।घर में मौजूद ससुर रामाधार राम ने पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद को शांत कराया। इसके बाद वह किसी काम से घर से बाहर चले गए। लेकिन कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।