PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त: 30 अक्टूबर 2026 को गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से देश के करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात दी। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी करते हुए देश के 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में ₹18,690.32 करोड़ से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की।
त्योहार से पहले किसानों के लिए आई इस आर्थिक सहायता को खेती-किसानी से जुड़े परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इस राशि के तहत प्रत्येक पात्र किसान परिवार के खाते में 2,000 रुपये भेजे गए हैं। केंद्र सरकार की इस योजना का उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़े छोटे-मोटे खर्चों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
हर साल मिलते हैं ₹6,000 की आर्थिक सहायता
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन समान किस्तों में यानी प्रत्येक चार महीने पर 2,000 रुपये के रूप में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होती है और पैसा सीधे किसानों तक पहुंचता है।
किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर
पीएम किसान सम्मान निधि योजना देश के छोटे और सीमांत किसानों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा बनकर उभरी है। खाद, बीज, कृषि उपकरण और खेती से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने में यह सहायता किसानों के काम आती है। सरकार का मानना है कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से कृषि क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर बिहार के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया गया। कहा गया कि अन्नदाता किसानों के कल्याण और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए केंद्र सरकार की यह पहल सराहनीय है। त्योहार से पहले मिली इस राशि से बिहार समेत देशभर के किसानों को राहत मिलेगी।
ऐसे चेक करें 24वीं किस्त का स्टेटस
किसान अपनी किस्त का भुगतान स्टेटस जानने के लिए पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाकर ‘Know Your Status’ विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं। योजना का लाभ पाने के लिए ई-केवाईसी पूरी होना भी अनिवार्य है।