बिहार म्यूजियम ने रचा इतिहास! दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों में 9वां स्थान, एशिया में बना नंबर-1

बिहार म्यूजियम पटना: बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। राजधानी पटना स्थित बिहार म्यूजियम ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की 2026 की सूची में 9वां स्थान हासिल किया है। इतना ही नहीं, एशिया के सभी संग्रहालयों में बिहार म्यूजियम को पहला स्थान मिला है। यह उपलब्धि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है।

जर्मनी के म्यूनिख से जुड़े ट्रैवल गाइड प्लेटफॉर्म ‘Worth a Journey’ की ओर से जारी इस वैश्विक रैंकिंग में बिहार म्यूजियम ने दुनिया के कई प्रतिष्ठित संग्रहालयों को पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह है कि इस सूची में जगह बनाने वाला बिहार म्यूजियम भारत का एकमात्र संग्रहालय है।

दुनिया के बड़े संग्रहालयों को छोड़ा पीछे

इस रैंकिंग में बिहार म्यूजियम ने न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध Metropolitan Museum of Art (The Met) को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसे 10वां स्थान मिला है। वहीं, पेरिस का मशहूर Louvre Museum 31वें स्थान पर रहा। यह रैंकिंग बिहार की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर मजबूती देती है।

2015 में शुरू हुआ था बिहार म्यूजियम

पटना के बेली रोड पर स्थित बिहार म्यूजियम की स्थापना वर्ष 2015 में हुई थी। इसका उद्देश्य बिहार के गौरवशाली इतिहास, प्राचीन सभ्यता, कला और पुरातात्विक धरोहरों को आधुनिक तरीके से संरक्षित करना और आम लोगों तक पहुंचाना है।

संग्रहालय में प्राचीन मूर्तियों, दुर्लभ सिक्कों, पांडुलिपियों, पुरातात्विक अवशेषों और लोककलाओं का शानदार संग्रह मौजूद है। यहां मौर्यकालीन दीदारगंज यक्षी की प्रसिद्ध प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र है। वर्ष 1917 में पटना के पास मिली यह प्रतिमा भारतीय प्राचीन मूर्तिकला की महत्वपूर्ण धरोहर मानी जाती है।

बच्चों और पर्यटकों के लिए भी खास आकर्षण

बिहार म्यूजियम में बच्चों के लिए विशेष गैलरी, लोककला से जुड़ी प्रदर्शनी और बिहार के प्रवासी समुदाय के इतिहास को दर्शाने वाली डायस्पोरा गैलरी भी बनाई गई है।

इस उपलब्धि से बिहार में पर्यटन को बढ़ावा मिलने और पटना को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

बिहार म्यूजियम की यह सफलता सिर्फ एक रैंकिंग नहीं, बल्कि राज्य के हजारों वर्षों पुराने इतिहास, कला और संस्कृति का वैश्विक सम्मान है।

Latest